
गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में गुरुवार सुबह हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। करीब 5-6 की संख्या में रेनकोट पहनकर पहुंचे अपराधियों ने बैंककर्मियों और गार्ड को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद बैंक के चेस्ट से 42 लाख रुपये से अधिक नकद और लॉकर में रखे भारी मात्रा में स्वर्णाभूषण लूटकर दो बाइक से फरार हो गए।
घटना सुबह करीब सवा नौ बजे की बताई जा रही है। उस समय बैंक खुल चुका था और परिसर में सफाई का काम चल रहा था। बैंक के गार्ड संतोष कुमार के अनुसार, बारिश के कारण सभी अपराधी रेनकोट पहनकर बैंक में दाखिल हुए थे। रेनकोट और चेहरे ढके होने के कारण उनकी पहचान करना मुश्किल था।
बैंक में घुसते ही अपराधियों ने कर्मचारियों को हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया। गार्ड संतोष कुमार ने विरोध करने का प्रयास किया तो बदमाशों ने बंदूक की बट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद अपराधी बैंक मैनेजर अजीत कुमार के चैंबर में पहुंचे और उन्हें गन प्वाइंट पर लेकर बैंक का चेस्ट खुलवाया।
चेस्ट खुलने के बाद अपराधियों ने उसमें रखे 42 लाख रुपये से अधिक नकद निकाल लिए। इसके बाद बैंक के लॉकर में रखे कीमती स्वर्णाभूषण भी अपने कब्जे में ले लिए। पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी दो बाइक से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। ग्रामीण एसपी, डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने बैंक के अंदर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस फरार अपराधियों के भागने के संभावित रास्तों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है।