
जमशेदपुर: शहर के पोस्ट ऑफिस रोड स्थित क्षेत्र में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब करीब 50 से 60 वर्ष पुराना विशाल नीम का पेड़ अचानक सड़क पर गिर पड़ा जिससे सड़क पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेड़ काफी पुराना और विशाल था। उसके गिरते ही सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने तत्काल छात्र नेता शुभम राज को दी। इसके बाद उन्होंने वार्ड संख्या 34 के पार्षद हेमंत सिंह को मामले से अवगत कराया।
सूचना मिलते ही पार्षद हेमंत सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर राहत कार्य शुरू कराया। प्रशासनिक टीम और जेएनएसी के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। जेसीबी मशीन की मदद से सड़क पर गिरे पेड़ को काटकर हटाने का कार्य शुरू किया गया, जिसके बाद कुछ ही समय में मार्ग को साफ कर दिया गया।
घटना के दौरान सड़क किनारे खड़ी एक बाइक पेड़ के नीचे दब गई थी। हालांकि राहत की बात यह रही कि बाइक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं मिली। यदि घटना के समय सड़क पर अधिक भीड़ होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पेड़ को हटाकर सड़क पर आवागमन सामान्य कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में तत्परता दिखाने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सराहना की। घटना के बाद क्षेत्र में पुराने और जर्जर पेड़ों की स्थिति की जांच कराने की मांग भी उठने लगी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।