केस मैनेज कराने के नाम पर युवक से लूट, एमजीएम पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र में केस मैनेज कराने का झांसा देकर एक युवक से नकदी, बाइक और मोबाइल फोन लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई बाइक, दो मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित बिरेन दास को कुछ लोगों ने केस मैनेज कराने की बात कहकर गोलमुरी थाना क्षेत्र के आनंदनगर स्थित एक सुनसान स्थान पर बुलाया था। वहां उसे डरा-धमकाकर उसकी जेब से 25,600 रुपये नकद, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या JH05DJ 0785) और दो मोबाइल फोन छीन लिए गए थे। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर एमजीएम थाना में कांड संख्या 105/2026, दिनांक 13 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(6) एवं 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन तथा पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। अनुसंधान के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्य प्राप्त हुए, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के कोलकाता निवासी बंटी गुहा (38 वर्ष) तथा मानगो निवासी इम्तियाज खान (32 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से पीड़ित की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की, जिस पर नंबर प्लेट बदलकर WB05DG 0876 लगा दी गई थी। इसके अलावा पीड़ित के दो सैमसंग मोबाइल फोन, एक कीपैड मोबाइल तथा घटना में प्रयुक्त रियलमी और रेडमी कंपनी के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी बंटी गुहा का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है। उसके खिलाफ कदमा, सीतारामडेरा, जुगसलाई, टेल्को, सिदगोड़ा, परसुडीह और कांड्रा समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है तथा मामले में आगे की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *