
सरायकेला- खरसावां और जमशेदपुर को जोड़ने वाले खरकई नदी के पुराने छोटा पुल से शुक्रवार को एक महिला के नदी में कूदने का मामला सामने आया है. घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है. फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार को एक महिला अचानक छोटा खरकई पुल पर पहुंची. इससे पहले कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उसने कथित तौर पर पुल से नदी में छलांग लगा दी. बताया कि महिला ने नदी में पहले अपना मोबाईल फेंका चप्पल उतारे फिर सीधे छलांग लगा दी. घटना देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा- तफरी मच गई. तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलने के बाद आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस महिला की पहचान करने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि वह कहां से आई थी और किन परिस्थितियों में उसने नदी में छलांग लगाई. आसपास मौजूद लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है. घटना के बाद पुल और नदी के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई. महिला की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं. नदी में पानी की स्थिति को देखते हुए खोजबीन में सावधानी बरती जा रही है. फिलहाल महिला के मिलने अथवा उसकी स्थिति के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. महिला की पहचान होने के बाद ही उसके परिवार और घटना की संभावित वजह के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में भी गुमशुदगी से संबंधित सूचना की जांच कर सकती है. वहीं पुल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता होने पर उनके फुटेज से भी युवती की पहचान में मदद मिल सकती है. बताया जा रहा है कि महिला की उम्र 50 वर्ष के आसपास है. घटना ने एक बार फिर पुराने खरकई पुल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं. फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता युवती की तलाश और उसकी पहचान सुनिश्चित करना है. मामले में आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है. सूचना मिलते ही स्थानीय पार्षद नीतू शर्मा मौके पर पहुंची और घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि 2018- 23 के कार्यकाल में पुल पर जाली लगाने की योजना पास हो चुकी है बावजूद इसके नगर निगम द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा. उन्होंने कहा कि इसके लिए JRDCL और सम्बंधित विभाग की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर के मानगो पुल पर जाली लगने के बाद लोग अब आदित्यपुर का रुख कर रहे हैं जो चिंतजनक है. उन्होंने घटना पर दुःख जताया.