टेल्को के घोड़ाबांधा मोड़ पर खूनी संघर्ष, चापड़ और लोहे के पाइप से हमला, तीन घायल

Spread the love


जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र के घोड़ाबांधा मोड़ पर शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे नशे में धुत युवकों के दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और देखते ही देखते धारदार हथियारों से हमला शुरू हो गया। इस खूनी झड़प में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला भी हमले का शिकार बन गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घोड़ाबांधा मोड़ पर कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। विवाद बढ़ने पर एक गुट ने चापड़ निकाल लिया और दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। हमले में विष्णु सिंह सरदार और राहुल सरदार गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान विष्णु सिंह सरदार की पत्नी अपने पति को बचाने और झगड़ा शांत कराने पहुंचीं, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी लोहे के पाइप से हमला कर दिया। हमले में महिला को भी गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना टेल्को थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार तीनों घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी नीग्रो को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि झड़प के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *