सासाराम में भीषण सड़क हादसा: टूरिस्ट बस और तेल टैंकर की टक्कर, 23 यात्री घायल

Spread the love


सासाराम: बिहार के रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर शनिवार को एक टूरिस्ट बस और तेल टैंकर के बीच हुई जोरदार टक्कर में लगभग 23 यात्री घायल हो गए। घायलों में 11 महिलाएं भी शामिल हैं, जबकि 10 से अधिक लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, तमिलनाडु के तिरुपुर निवासी श्रद्धालु वाराणसी से दर्शन-पूजन कर टूरिस्ट बस से गया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शिवसागर थाना क्षेत्र में बस आगे चल रहे तेल टैंकर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई (NHAI) की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को तत्काल सासाराम सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों पर चिकित्सकों की विशेष निगरानी रखी जा रही है।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *