गिरिडीह कोलडीहा में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बोरवेल वाहन को मारी टक्कर, तीन मजदूर गंभीर

Spread the love

गिरिडीह जिला के नगर थाना क्षेत्र के कोलडीहा में शनिवार की अहले सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े बोरवेल वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बोरवेल पर काम कर रहे तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, कोलडीहा निवासी मो. ताजुद्दीन के घर पर बोरिंग का कार्य चल रहा था। उन्होंने बताया कि रात करीब 2 बजे बोरवेल वाहन सड़क किनारे खड़ा कर काम शुरू किया गया था। सुबह करीब 4 बजे JH02-AA-2941 नंबर का एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर बोरवेल वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वहां काम कर रहे गंगो मंडल, मनोज दास और रामेश्वर दास गंभीर रूप से घायल हो गए।
बोरवेल वाहन के संचालक कार्तिक बरनवाल ने बताया कि उनका वाहन पूरी तरह सड़क के किनारे खड़ा था और बोरिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने सीधे वाहन में टक्कर मार दी, जिससे बोरवेल मशीन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन आसपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने चालक की पिटाई भी कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *