हजारीबाग में आधी रात गूंजी गोलियों की आवाज, राहुल दुबे गैंग से पुलिस की मुठभेड़; एक के पैर में गोली, एक बदमाश गिरफ्तार

Spread the love

केरेडारी थाना क्षेत्र में चंद्रगुप्त माइंस कंपनी के पास कार्रवाई, बड़ी वारदात की साजिश नाकाम; इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी

हजारीबाग। केरेडारी थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और अपराधी राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ से पूरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंज उठा। चंद्रगुप्त माइंस कंपनी के समीप हुई इस कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक अपराधी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके एक साथी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अपराधी को पुलिस सुरक्षा के बीच अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक को देर रात सूचना मिली थी कि बाइक सवार अपराधी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की नीयत से इलाके में सक्रिय हैं। सूचना मिलते ही केरेडारी थाना पुलिस ने रणनीति बनाकर वाहन जांच अभियान शुरू किया और संभावित मार्गों पर घेराबंदी कर दी।

चंद्रगुप्त माइंस कंपनी के पास पुलिस का सामना संदिग्ध बाइक सवारों से हुआ। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का संकेत दिया तो बदमाश भागने लगे। इसी दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि उसके दूसरे साथी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।घटना के बाद पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई और सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *