धातकीडीह तालाब के पास बुजुर्ग ने पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का किया प्रयास, युवक की सूझबूझ से बची जान

Spread the love

जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह तालाब के समीप गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद से परेशान एक बुजुर्ग ने कथित तौर पर खुद को आग लगाकर जान देने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता और एक युवक की सूझबूझ से उनकी जान बच गई। हालांकि, वे गंभीर रूप से झुलस गए हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, धातकीडीह ए ब्लॉक निवासी सत्तार खान दोपहर में पेट्रोल लेकर तालाब के पास पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उन्होंने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और आसपास अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान तालाब के समीप वाहन धोने का काम करने वाले मो. इस्लाम ने साहस का परिचय देते हुए बिना देर किए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार उनका शरीर काफी हद तक झुलस गया है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सत्तार खान लंबे समय से पारिवारिक विवाद के कारण मानसिक तनाव में थे। सूचना मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल से जले हुए कपड़े और अन्य अवशेष बरामद किए हैं तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्मदाह के प्रयास के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *