14 दिन बाद मिली तीन वर्षीय आफरीन, संतान न होने की पीड़ा में दंपती ने किया था अपहरण

जमशेदपुर के साकची बाजार से 26 मई को लापता हुई तीन वर्षीय बच्ची आफरीन को पुलिस ने 14 दिन बाद सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। मामले में कपाली निवासी अब्दुल जसीम उर्फ लखन और उसकी पत्नी अफसाना बेगम को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में दंपती ने बताया कि शादी के 10 साल बाद भी संतान नहीं होने और समाज के तानों से परेशान होकर उन्होंने बच्ची को अपने साथ ले जाने का फैसला किया था।
बुधवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बच्ची की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र स्थित पुष्टि गांव में छापेमारी कर आफरीन को सुरक्षित बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अब्दुल जसीम कपाली में मोबाइल दुकान चलाता है। बच्ची के मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है। मां रुकसार खान ने पुलिस टीम का आभार जताते हुए कहा कि बेटी के सुरक्षित लौटने से पूरे परिवार को राहत मिली है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *