झारखंड राज्य जल सहिया संघ ने किया चाईबासा विधायक एवं मंत्री दीपक बिरुआ के घर का घेराव

चाईबासा: झारखंड राज्य जल सहिया संघ की जिला इकाई की ओर से पांच सूत्री मांगों को लेकर चाईबासा के विधायक और झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरूवा के आवास का घेराव किया गया। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चार प्रखंडों चाईबासा सदर, झींकपानी, टोंटो और हाटगम्हरिया की जल सहियाओं ने मंत्री के आवास का घेराव करते हुए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जल सहिया संघ की जिलाध्यक्ष मुन्नी बारी ने कहा कि 2019 से जल सहिया को 1000 रुपए मासिक मानदेय दिया जा रहा था, जिसे बंद कर दिया गया है। बकाया मानदेय का भुगतान किया जाए। इसके साथ ही सरकार चुनाव से पूर्व न्यूनतम मजदूरी 18000 रुपए देने के अपने वादे को पूरा करें। कार्यकाल के दौरान मृत्यु होने पर अनुकंपा का लाभ और 20 लाख रुपए बीमा भुगतान किया जाए। उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता कार्यालय पर भी कई गंभीर आरोप लगाए। कहा कि जानबूझकर कार्यालय के लोग जल सहियाओं को प्रताड़ित कर रहे हैं और उनके हक का पैसा नहीं दे रहे हैं। आधे लोगों को पैसा दिया गया है और बाकी लोगों को नहीं दिया गया है। मंत्री के माध्यम से हम सरकार से न्याय की गुहार लगा रहे हैं। मुन्नी बारी, जिलाध्यक्ष

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *